
राजभवन में एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) आधारित स्मार्ट ऑटोमेशन सिस्टम का कार्य गतिमान है जो जल्द ही प्रारंभ हो जाएगा। स्मार्ट ऑटोमेशन सिस्टम के पहले चरण में ऑनलाईन गेट-पास तथा ई-इन्विटेशन सिस्टम शुरू किया जाएगा। इसके अंतर्गत राजभवन आने वाले आगंतुकों द्वारा कहीं से भी ऑनलाइन अप्लाई किया जा सकेगा। इसमें कार्य अंतिम चरण में है और वर्तमान में सिक्योरिटी ऑडिट की प्रक्रिया गतिमान है। राज्यपाल के निर्देशन में तकनीकी विश्वविद्यालय यूटीयू की सहायता से राजभवन हेतु इन्वेंट्री मैनेजमेंट सिस्टम तैयार किया जा रहा है। जिसमें राजभवन स्थित सभी इन्वेंट्री पर बार कोड लगाने की प्रक्रिया शुरू की गई है। बार कोड के माध्यम से चीजों की जानकारी उपलब्ध रहेगी। इसके लिए क्यूआर कोड भी विकसित किया गया है।
राजभवन में उत्कृष्ट जिलाधिकारियों, शोधार्थियों व मेधावियों का सम्मान
राज्यपाल के निर्देशन में ‘‘पथ-प्रदर्शक’’ कार्यक्रम में प्रतिवर्ष गरीब मेधावी छात्रों केंद्रीय संस्थाओं में चयनित होने पर स्कॉलरशिप और प्रोत्साहन स्वरूप धनराशि वितरित की गई। वहीं उन्होंने सिविल सेवा में चयनित उत्तराखण्ड के सफल अभ्यर्थियों को राजभवन में सम्मानित किया गया। राज्यपाल ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिले के जिलाधिकारियों को सम्मानित किए जाने की नई पहल की शुरूआत की। इसके तहत 2022 में उन्होंने 05 जिलाधिकारियों को राजभवन में सम्मानित किया। इसके अलावा 2023 उत्कृष्ट शोध करने वाले 06 शोधार्थियों को गवर्नर्स रिसर्च अवार्ड से सम्मानित किया।
राजभवन ऑडिटोरियम में विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रमों तथा लोक महत्व के विषयों पर चर्चा
राजभवन ऑडिटोरियम का उपयोग विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रमों तथा लोक महत्व के विषयों पर चर्चा के लिए किया जाता है। राजभवन में आर्थराइटिस रोग, ब्रेस्ट कैंसर के उपचार एवं रोकथाम के संबंध में जागरूकता के लिए सेमिनार का आयोजन किया गया। वहीं आयुर्वेद एवं मर्म पर चिकित्सा और मानसिक स्वास्थ्य विषय पर सेमिनार का आयोजन किया गया।
चारधाम साथी मोबाइल एप्लीकेशन की लांचिंग
उन्होंने स्वामी विवेकानंद हेल्थ मिशन सोसाइटी के ‘‘चारधाम साथी मोबाइल एप्लीकेशन’’ को लांच किया। इस मोबाइल एप के उद्देश्य से चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों को स्वास्थ्य जरूरतों की जानकारी उपलब्ध कराना है। इस मोबाइल एप के द्वारा यात्री नजदीकी विवेकानंद हेल्थ मिशन चिकित्सालय की जानकारी, वहां उपलब्ध सेवाएं, आपातकालीन नंबर की जानकारी आदि प्राप्त कर सकते हैं।
तीन विश्वविद्यालयों में कोचिंग सेंटर शुरू किए जाने की प्रक्रिया गतिमान
राज्यपाल के निर्देशन में संघ लोक सेवा आयोग एवं राज्य लोक सेवा आयोग की परीक्षाओं की तैयारी हेतु उत्तराखण्ड के तीन विश्वविद्यालयों में कोचिंग सेंटर शुरू किए जाने की कार्यवाही गतिमान है। इन कोचिंग सेंटरों में छात्रों से सिविल सेवा की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी जिसमें लड़कियों और आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को वरीयता दी जाएगी। कोचिंग सेंटर दून विश्वविद्यालय देहरादून, गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय पंतनगर और श्री देव सुमन विश्वविद्यालय के ऋषिकेश कैंपस में संचालित किये जाने प्रस्तावित है।
राजभवन में शुरू की गई अन्य अभिनव पहल
राजभवन परिसर में रेन वाटर हार्वेस्टिंग के अंतर्गत ‘‘ग्रीन राजभवन’’ बनाये जाने की कवायद जारी है। वर्षा जल संरक्षण प्रणाली के कार्यों के अंतर्गत 200 किलोलीटर पानी का संरक्षण और बचत की जा रही है। राजभवन में आयुर्वेदिक मर्म चिकित्सा केंद्र की शुरुआत की गयी जिससे राजभवन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सुविधाएं मिली।
राज्यपाल के मार्गनिर्देशन में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता हेतु आध्यात्मिक, प्राकृतिक, और सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक के रूप में राजभवन देहरादून में ’’नक्षत्र वाटिका’’ की स्थापना की गयी है। नक्षत्र वाटिका में 27 नक्षत्रों से संबंधित 27 पौधों को स्थान दिया गया है। इसके अलावा राजभवन में स्थित बोनसाई गार्डन के विस्तारीकरण किया जा रहा है। वर्तमान में बोनसाई गार्डन में 500 से अधिक पौधों को संरक्षित किया गया है जो राजभवन में आकर्षण का केंद्र हैं। विगत वर्षों की भांति राजभवन देहरादून में ‘‘पुष्प प्रदर्शनी’’ का आयोजन किया गया।
इस बार ‘‘पुष्प प्रदर्शनी’’ का विस्तार करते हुए पुष्पों के साथ-साथ स्थानीय लघु उद्योग के उत्पादों को भी स्थान दिया गया इसमें 400 से अधिक महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा प्रतिभाग किया गया।