रांची, ब्यूरो ✍️ NIU अंधविश्वास लोगों में किस कदर हावी हो जाता है, ये घटना उसकी बानगी है, झारखंड में 24 घंटों के अंदर डायन करार देकर दो लोगों की निर्मम हत्या कर दी गई। मारे गए दोनों लोग आदिवासी समुदाय के हैं। खूंटी जिले के अड़की थाना क्षेत्र के सेरेंगहातू गांव में कुछ लोगों ने वृद्ध 65 वर्षीय भानु मुंडा की हत्या उसके घर में घुसकर कर दी। बताया गया कि हमलावर सोमवार देर रात घर का छप्पर तोड़कर घुस आए। वह घर में अकेले थे। धारदार हथियार से हमला कर उनका सिर धड़ से अलग कर दिया। गांव में ही दूसरे छोर पर घर बनाकर रहने वाले उनके बेटे सामू मुंडा को सुबह इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने इसकी सूचना अड़की थाना की पुलिस को दी। गांव के ही मदन मुंडा नामक एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
भानु मुंडा के बेटे सामू मुंडा ने बताया कि गांव के कई लोग उसके माता-पिता पर डायन होने का आरोप लगाते हुए मारने की धमकी देते थे। एक दिन पहले मदन मुंडा और एक अन्य व्यक्ति धारदार हथियार लेकर भानु मुंडा के घर आए थे। उस समय भानु मुंडा और उसकी पत्नी गुरुवारी देवी घर में नहीं थे। घर में केवल उनकी नतिनी मौजूद थी। हमलावरों ने उसे भी मारने का प्रयास किया, लेकिन वह वहां से भाग कर अपनी जान बचाने में सफल रही।