रिपोर्टर- सुनील सोनकर
मसूरी स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा नगर पालिका परिषद मसूरी के सहयोग से राष्ट्रीय खेल दिवस पर चार दिवसीय बालक व बालिका सिक्स ए साइड स्व. मेजर ध्यानचंद स्मृति हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें देशभर के विभिन्न राज्यों की 60 टीमों ने प्रतिभाग किया। मसूरी पब्लिक स्कूल के मैदान में आयोजित 24वीं ध्यानचंद हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
इस मौके पर बतौर मुख्य अतिथि प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित करने के बाद अपने संबोधन में खेल दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि मसूरी में मैदान न होने के बाद भी यहां से प्रतिभाएं लगातार आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि मसूरी में भिलाडू स्टेडियम के निर्माण में तकनीकी दिक्कतें आने के कारण निर्माण नहीं हो पा रहा है व जल्द वन और खेल विभाग के अधिकारियों की बैठक कर स्टेडियम के निर्माण में आ रही दिक्कतों को दूर कर निर्माण शुरू कराया जायेगा। उन्होंने कहा कि मसूरी का खेलों का इतिहास स्वर्णिम रहा है और अगले साल और अधिक बड़े स्तर पर इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा केंद्र सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलों को बढ़ावा देने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। इन निरंतर प्रयासों से ही हमारे एथलीट राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की प्रतिष्ठा को बनाए रखने में प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा 2016 में देश को केवल 2 पदक मिले जबकि 2022 के ओलिंपिक खेलों में भारतीय खिलाड़ियों ने 7 पदक हासिल किए। मंत्री गणेश जोशी ने कहा 2014 में जब मोदी जी प्रधानमंत्री बने थे तो खेल बजट 866 करोड़ रुपये था। सरकार ने इसे बढ़ाकर 2 हजार करोड़ रुपये से अधिक कर दिया है।
गणेश जोशी ने कहा देशभर में एक हजार खेलो इंडिया केंद्र बनाए जा रहे हैं। 750 केंद्रों को मंजूरी दे दी गई है। इस वर्ष 15 अगस्त 2023 से पहले खेलो इंडिया के 1 हजार केंद्र बनकर तैयार है। उन्होंने कहा पूर्व खिलाड़ियों को एक वर्ष तक केंद्र चलाने के लिए पांच लाख रुपये मिलते हैं, जिससे उन्हें स्वरोजगार के साथ-साथ खेलकूद का प्रशिक्षण देने का अवसर भी मिलता है। उन्होंने कहा पिछले वर्ष संपन्न हुई वर्ल्ड जूनियर वुशु चौंपियनशिप में भारत ने 8 मेडल के साथ इतिहास रचा है। मंत्री ने कहा साल 2015 बुलगारिया में छठे वर्ल्ड जूनियर वुशु चौंपियनशिप में टीम इंडिया को सिर्फ 1 मेडल मिला था। उन्होंने कहा अब भारतीय खिलाड़ियों ने 7 साल के भीतर कमाल का खेल दिखाया और टीम के युवा प्लेर्स ने 8 मेडल अपने नाम किये। इस अवसर पर मंत्री गणेश जोशी ने सभी प्रतिभागियों के उज्जवल भविष्य की भी कामना की।