रिर्पोट: सुनिल सोनकर ✍️ मसूरी, NIU। पहाड़ों की रानी मसूरी में होली दहन का पर्व धूमधाम के साथ मनाया गया। इस मौके पर मसूरी में होली आयोजन समिति के द्वारा मसूरी के पिक्चर पैलेस चौक पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। सुबह से ही महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में होलिका माता की पूजा अर्चना किया और देर शाम होलिका दहन किया गया। होली से पहले होलिका दहन बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक माना जाता है।
इस दौरान लोगों ने जलती हुई होलिका में अनाज डालकर अपने और परिवार के सुख शांति की कामना की। होलिका दहन के बाद एक दूसरे को होली की बधाई दी। मसूरी में सामाजिक और राजनीतिक संगठनों में अपने अपने स्तर से होली पर्व को मनाने का काम किया। एक दूसरे को रंग लगाकर और मिठाई खिलाकर होली की शुभकामनाएं दी। वही होली के चलते मसूरी में पर्यटकों की भारी भीड़ देखी जा रही है जिससे स्थानीय लोगों में भी खुशी की लहर है। पर्यटकों की भारी भीड़ को देखते हुए स्थानीय प्रशासन द्वारा और पुलिस द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मसूरी में आए पर्यटक भी होली का जमकर आनंद ले रहे हैं।