मोहन प्रसाद मीणा, मथुरा
मथुरा वृंदावन नगर निगम चुनावों को लेकर मथुरा वृंदावन में सरगर्मियां काफी तेज हो चुकी है। सभी पार्टियां अपने-अपने प्रत्याशियों को लेकर मैदान में उतर चुकी हैं और सभी पार्टियों के प्रत्याशी अपने अपने वादों से मतदाताओं को अपनी ओर रिझाने का कार्य कर रहे हैं। वही मथुरा वृंदावन नगर निगम के महापौर पद के लिए आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी ने भी हुंकार भरी है। आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी का कहना है, कि अगर मथुरा वृंदावन नगर निगम की जनता उन्हें चुनकर सेवा करने का मौका देती है, तो उनका सबसे पहला कार्य यह होगा कि जनता के हाउस टैक्स को कम किया जाएगा और वाटर टैक्स को माफ कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी जिस तरीके से दिल्ली में लोगों को सुविधा मुहैया करा रही है। उसी तरीके से मथुरा वृंदावन में आम जनमानस को सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। उन्होंने बताया कि उनका एक कार्य यह भी होगा कि मथुरा वृंदावन की जनता को बंदरों के आतंक से निजात दिलाई जाएगी और साथ ही ब्रज वासियों की प्रिय यमुना महारानी को शुद्ध करने का भी कार्य किया जाएगा। वहीं उन्होंने बताया कि मथुरा वृंदावन नगर निगम महापौर पद के लिए उनका सामना भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी से है। उन्होंने कांग्रेस, सपा, बसपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि इन पार्टियों का मथुरा वृंदावन में अब कोई वजूद नहीं है। उनका सामना सिर्फ भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी से है।